देहरादून। उत्तराखंड में सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए शासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में दोनों परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को वित्तीय और भौतिक प्रगति में तेजी लाने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने परियोजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में तैनात करने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं के तहत विकसित होने वाले जलाशयों तथा आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करने की संभावनाओं पर काम किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन किया जाना जरूरी है।
मार्च 2027 तक पूरा करना होगा जमरानी बांध का कॉफर डैम
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए दोनों परियोजनाओं के फोटोग्राफ और वीडियो नियमित रूप से स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने को कहा।
इसके अलावा कंक्रीटिंग और उत्खनन (एक्सकैवेशन) कार्यों की समयसीमा स्पष्ट करते हुए विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उत्खनन कार्य की दिनवार प्रगति और निर्धारित समयसीमा का विवरण आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) की बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया।
सौंग बांध के कार्य मार्च तक लक्ष्य के अनुरूप पूरे करने के निर्देश
सौंग बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुनर्वास से जुड़े कार्यों के लिए पहले से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया। साथ ही, परियोजनाओं की संशोधित लागत (रिवाइज्ड कॉस्ट) का अनुमोदन एक ही बार में प्राप्त करने के लिए जरूरी औपचारिकताएं समय से पूरी करने को कहा।
मुख्य सचिव ने केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) सहित संबंधित संस्थाओं से आवश्यक परीक्षण और अनुमोदन की प्रक्रिया भी समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों में बाद में किसी तरह की देरी न हो।
सौंग बांध परियोजना की भौतिक प्रगति 21 प्रतिशत
सौंग बांध परियोजना के तहत 130.60 मीटर ऊंचे बांध और सहायक संरचनाओं का निर्माण किया जाना है। इसके साथ ही 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और करीब 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन भी बनाई जाएगी। परियोजना को पर्यावरणीय, वन एवं तकनीकी स्वीकृतियां नवंबर 2024 तक मिल चुकी हैं।
मार्च 2024 में विशेष सहायता योजना (SASCI) के अंतर्गत परियोजना की शेष लागत 2,491.96 करोड़ रुपये के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक क्रमशः 88 करोड़, 140 करोड़ और 173 करोड़ रुपये की धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग किया गया है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में उपलब्ध 39.60 करोड़ रुपये की धनराशि भी पूरी तरह खर्च की जा चुकी है। हालांकि, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 30 प्रतिशत भौतिक प्रगति के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 21 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।
जमरानी बांध परियोजना का 84 प्रतिशत पुनर्वास कार्य पूरा
जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के निर्माण कार्यों में भी प्रगति दर्ज की गई है। परियोजना के तहत कार्यालय भवन, आवासीय भवन, कॉलोनियों और सर्विस रोड सहित आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत, क्रशिंग, बैचिंग एवं मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत, कॉफर डैम का 50 प्रतिशत और स्ट्रिपिंग फाउंडेशन एवं एबटमेंट का 40 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।
परियोजना के अंतर्गत 21.25 किलोमीटर नई नहर के निर्माण तथा 40.82 किलोमीटर नहर के रीमॉडलिंग एवं नवीनीकरण कार्य की कुल प्रगति 32.46 प्रतिशत है। इसके अलावा परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार जमरानी बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।











