Home उत्तराखंड जन समाधान दिवस में डीएम का सख्त एक्शन, 150 से ज्यादा शिकायतों...

जन समाधान दिवस में डीएम का सख्त एक्शन, 150 से ज्यादा शिकायतों पर दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश

0

देहरादून, 17 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जन समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जन समाधान दिवस में 150 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न हो, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए और उसे कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।

पापड़ियांन में आपदा कार्यों की जांच

विकासनगर तहसील के ग्राम पंचायत पापड़ियांन में वर्ष 2023 से 2026 तक आपदा मद से कराए गए कार्यों में कथित फर्जीवाड़े और अनियमितता की शिकायत पर डीएम ने गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने जिला विकास अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को संयुक्त जांच के निर्देश दिए हैं। दोनों अधिकारियों को 7 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

डीएम ने उपलब्ध अभिलेखों, कराए गए कार्यों और संबंधित मद में हुए व्यय का परीक्षण कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आबादी के बीच चल रही हैवी वेल्डिंग फैक्ट्री होगी सील

विकासनगर के ग्राम झीवरहेड़ी में आबादी के बीच कथित रूप से अवैध तरीके से हैवी वेल्डिंग मशीनें लगाकर फैक्ट्री संचालित किए जाने की शिकायत पर डीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने एसडीएम विकासनगर और महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को फैक्ट्री तत्काल सील करने के निर्देश दिए।

पूर्व निरीक्षण में पाया गया था कि संबंधित स्थल औद्योगिक उपयोग के लिए वर्गीकृत नहीं है। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अग्निशमन विभाग की आवश्यक एनओसी भी नहीं ली गई थी। डीएम ने सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और चार मंजिला निर्माण की जांच

नगर निगम एवं ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण और निर्माण की शिकायत पर भी डीएम ने जांच के आदेश दिए। शिकायत में चार मंजिला मकान के निर्माण का आरोप लगाया गया है।

एसडीएम सदर और तहसीलदार सदर को मौके का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ भूमि एवं निर्माण से संबंधित अभिलेखों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि यदि अतिक्रमण या अवैध निर्माण की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

पैतृक भूमि पर कब्जे के प्रयास की शिकायत

मिहूवाला निवासी मोहम्मद शाहिद राव, खुर्शीदा बेगम और इकराम ने अपनी पैतृक भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा मारपीट कर कब्जा करने के प्रयास की शिकायत की। डीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग को तथ्यात्मक जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने को कहा।

कृत्रिम अंग के लिए आर्थिक सहायता के निर्देश

सूर्य प्रकाश ने दोनों पैरों में कृत्रिम अंग लगवाने के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। डीएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई कर 15 दिन के भीतर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने को कहा।

विशेष बच्चे के प्रवेश मामले में जांच के आदेश

विशेष बच्चे प्रिंस अग्रवाल के लतिका राय फाउंडेशन में प्रवेश से जुड़ी शिकायत पर भी डीएम ने जांच के निर्देश दिए। बच्चे के पिता एवं एकमात्र अभिभावक ने शिकायत में बताया कि प्री-एडमिशन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई।

डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी को संयुक्त रूप से मामले की जांच कर 7 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से मामले के सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच करने और बच्चे के हित एवं उसके सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता पर जोर

जन समाधान दिवस के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। शिकायत की वास्तविक समस्या का समाधान किया जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराया जाए। उन्होंने समयबद्ध निस्तारण के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!