Home उत्तराखंड पवाणी गांव पहुंचे सीएम धामी, अग्निकांड प्रभावित परिवारों को 5-5 लाख रुपये...

पवाणी गांव पहुंचे सीएम धामी, अग्निकांड प्रभावित परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान

0

उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और घटना में हुए नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर प्रत्येक परिवार से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को नुकसान का वास्तविक आकलन करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्दी के मौसम और क्षेत्र में संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रभावित परिवारों के रहने के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि अग्निकांड में नष्ट हुए छह माह के राशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न की समस्या का सामना न करना पड़े।

बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए भी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अग्निकांड में कई परिवारों ने अपने घर और जीवनभर की जमा पूंजी खो दी है। इस कठिन समय में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों पर भी काम किया जाएगा। हालांकि, फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनके पुनर्वास की व्यवस्था करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे तथा राहत एवं सहायता कार्यों की जानकारी ले रहे थे।

इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने तथा प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने और उनकी समस्याएं सुनने की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने पुनः आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और गांव में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी।

इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!