Home अपराध उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परीक्षा प्रकरण: पेपर लीक मामले में शिवालिक कॉलेज के...

उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परीक्षा प्रकरण: पेपर लीक मामले में शिवालिक कॉलेज के सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार

0

देहरादून। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा में प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते प्रश्न छात्रों तक पहुंचाने के आरोप में देहरादून पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। मामले में विश्वविद्यालय की शिकायत पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने प्रेमनगर कोतवाली में लिखित तहरीर देकर बताया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था। ई-मेल में आरोप लगाया गया कि 3 जुलाई 2026 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एक सहायक प्रोफेसर ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे।

शिकायत के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा संपन्न होने के पश्चात साझा किए गए प्रश्नों का मूल प्रश्नपत्र से मिलान कराया, जिसमें कई प्रश्नों में उल्लेखनीय समानता पाई गई। इसके बाद गठित आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच में पाया कि संबंधित सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पूर्व छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न साझा किए थे।

विश्वविद्यालय का आरोप है कि सहायक प्रोफेसर ने छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की। शिकायत के आधार पर प्रेमनगर कोतवाली में मु.अ.सं. 144/2026 के तहत धारा 316, 318(4) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने त्वरित साक्ष्य संकलन और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (40 वर्ष) शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा में सहायक प्रोफेसर है। वह मूल रूप से शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक एवं तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही इस प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!