Home उत्तराखंड बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग पर देहरादून में...

बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग पर देहरादून में जोरदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की

0

इंडिया गठबंधन के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा नौ सूत्रीय मांगपत्र

लालकुआं/देहरादून। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने सहित नौ सूत्रीय मांगों को लेकर वर्षों से चल रहा आंदोलन रविवार को देहरादून में तेज हो गया। इंडिया गठबंधन के बैनर तले बिंदुखत्ता के सैकड़ों ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री आवास के नजदीक पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर रोके जाने पर प्रदर्शनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक एवं धक्का-मुक्की भी हुई।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को बिंदुखत्ता क्षेत्र के ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता और इंडिया गठबंधन के पदाधिकारी देहरादून के गांधी मैदान में एकत्रित हुए। यहां से सभी जुलूस की शक्ल में मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना हुए। लगभग सात किलोमीटर का पैदल सफर तय करने के बाद जब प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास के नजदीक पहुंचे तो वहां पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस द्वारा आगे नहीं बढ़ने दिए जाने पर आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते प्रदर्शन धरना सभा में तब्दील हो गया।

धरना सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर बिंदुखत्ता की वर्षों पुरानी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता के लोग लंबे समय से अपने अधिकारों और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी जायज मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अब भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस इस मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी और आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्वरूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम नौ सूत्रीय मांगपत्र सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून को सौंपा। ज्ञापन में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने सहित क्षेत्र की अन्य लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार को उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेना होगा। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशभर में व्यापक जनांदोलन शुरू किया जाएगा।

इस दौरान पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल, राजेंद्र सिंह खनवाल, इंद्रेश मैखुरी, कुंदन सिंह मेहता, पूर्व विधायक राजकुमार, पुष्कर दानू, गिरधर बम, प्रदीप बथ्याल, कैलाश पांडे, मीना कपिल, महिला नेत्री बीना जोशी, उर्मिला धामी, गुरदयाल सिंह मेहरा, भगवान सिंह धामी, माया देवी, इंद्र सिंह पनेरी, शंकर जोशी, राकेश वर्मा, मुन्ना कोरंगा और संध्या डालाकोटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!