Home उत्तराखंड उत्तराखंड से दिल्ली तक बढ़ा तीरथ सिंह रावत का कद, BJP में...

उत्तराखंड से दिल्ली तक बढ़ा तीरथ सिंह रावत का कद, BJP में मिली बड़ी जिम्मेदारी

0

देहरादून (17 अगस्त 2026): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई केंद्रीय टीम की घोषणा कर दी गई है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

नितिन नवीन की इस संगठनात्मक टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महामंत्री शामिल किए गए हैं। केंद्रीय संगठन में उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत को सीधे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का अहम दायित्व सौंपा गया है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में तीरथ सिंह रावत के साथ-साथ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और वरिष्ठ नेता राम माधव को भी शामिल किया गया है। संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर संतुलन साधते हुए कई राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है।

बैजयंत जय पांडा, डी पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, भारती प्रवीण पंवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य और एम नागराज को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। संगठन के शीर्ष स्तर पर कई राज्यों का प्रतिनिधित्व तय किया गया है।

तीरथ सिंह रावत इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत के हटने के बाद उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपी गई थी।

तीरथ सिंह रावत का जन्म 1 अप्रैल 1964 को पौड़ी गढ़वाल के सीरों (पट्टी असवालस्यूं) में हुआ था। उनके पिता का नाम कलम सिंह रावत है।

वर्ष 1983 से 1988 तक तीरथ सिंह रावत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचारक रहे। उन्होंने छात्र राजनीति के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) उत्तराखंड के संगठन मंत्री और राष्ट्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया।

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में वह छात्र संघ अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। उत्तर प्रदेश के समय छात्र संघ मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (उत्तर प्रदेश) के प्रदेश उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में भी उन्होंने सांगठनिक कार्य संभाला। वर्ष 1997 में वह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य चुने गए और विधान परिषद में विनिश्चय संकलन समिति के अध्यक्ष बनाए गए।

वर्ष 2000 में उत्तराखंड के गठन के बाद वह नवगठित राज्य के प्रथम शिक्षा मंत्री बने थे। वर्ष 2007 में उन्हें भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड का प्रदेश महामंत्री बनाया गया था।

वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में वह चौबट्टाखाल सीट से विधायक निर्वाचित हुए और 2012 से 2017 तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2013 में उन्हें उत्तराखंड भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

वर्ष 2019 के 17वें लोकसभा चुनाव में तीरथ सिंह रावत पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बने थे। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के मनीष खंडूड़ी को 2,85,003 से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया था।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी भी बनाया गया था। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव पद की जिम्मेदारी भी वह पहले संभाल चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!